लखनऊ: राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर में गुरुवार को एक बैंक अधिकारी ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद वह हुसड़िया चौराहे के पास स्थित अपने घर पहुंचा, जहां उसने अपनी बहन को गोली मारने के बाद खुद भी जान दे दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी बैंक अधिकारी मानस बाजपेयी ने दोपहर करीब 12 बजे गोमतीनगर स्थित ICICI बैंक के बाहर अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा को बुलाया। दोनों के बीच कुछ बातचीत हुई, जिसके बाद मानस ने कथित तौर पर पत्नी को गोली मार दी। घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया और करीब आधे घंटे बाद अपने घर पहुंचा।
घर पहुंचने के बाद मानस ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। कुछ देर बाद गोली चलने की आवाज सुनाई दी। पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो मानस और उसकी बहन मृत अवस्था में मिले। पुलिस को मौके से हथियार और गोली के खोखे भी मिले हैं। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अन्य साक्ष्य जुटाए हैं।
पत्नी से चल रहा था विवाद
दिव्या मिश्रा ICICI बैंक में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं और रिलेशनशिप मैनेजर की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। दोनों की शादी वर्ष 2018 में हुई थी। बताया गया है कि करीब एक साल पहले दिव्या ने पति से तलाक के लिए अदालत में याचिका दाखिल की थी। इसके बाद वह अपने मायके में रहने लगी थीं।
वहीं, मानस SBI की इंजीनियरिंग कॉलेज शाखा में फील्ड ऑफिसर के पद पर कार्यरत था। वह अपनी बहन के साथ हुसड़िया चौराहे के पास किराए के मकान में रहता था।
वॉट्सऐप स्टेटस में लगाए आरोप
पत्नी की हत्या के बाद मानस ने कथित तौर पर वॉट्सऐप स्टेटस लगाया, जिसमें उसने पत्नी पर धोखा देने का आरोप लगाया। स्टेटस में उसने अपनी पत्नी की बहन और उनके पति का भी जिक्र किया था। हालांकि, दिव्या के परिजनों ने इन आरोपों को गलत बताया है।
दिव्या की बहन ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि दिव्या पति के व्यवहार से परेशान होकर अलग रह रही थीं। उन्होंने घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि दिव्या को पहले से अपने पति से खतरा था।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, मामले में दोनों परिवारों के बयानों को दर्ज किया जा रहा है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस घटना के पीछे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
News Wani
