लखनऊ। काकोरी क्षेत्र के अजीतनखेड़ा गांव में रविवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 50 वर्षीय एक व्यक्ति 33 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। टावर पर पहुंचकर वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और उसे सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया।
बताया गया कि व्यक्ति रात करीब 11:30 बजे बिजली के टावर पर चढ़ा था। अंधेरे में पुलिस टीम ने टॉर्च की रोशनी से उसकी स्थिति पर नजर रखी। पुलिस और ग्रामीणों ने काफी देर तक उसे समझाकर नीचे उतरने के लिए कहा, लेकिन वह लगातार टावर पर ही बैठा रहा। मामले की गंभीरता को देखते हुए बचाव दल को भी मौके पर बुलाया गया।
करीब तीन घंटे तक चले प्रयास के बाद फायर सर्विस और एसडीआरएफ के दो बचावकर्मी सावधानीपूर्वक टावर पर चढ़े और व्यक्ति को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद उसे एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेहटा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के बाद वह अपने परिजनों के साथ घर लौट गया।
पत्नी से पैसों को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस की पूछताछ में व्यक्ति ने बताया कि उसकी पत्नी शराब खरीदने के लिए उसे पैसे नहीं दे रही थी। इसी बात को लेकर वह नाराज था और पत्नी को डराने के इरादे से हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया। उसने गांव के ही एक व्यक्ति पर करीब चार लाख रुपये बकाया होने की बात भी पुलिस को बताई और आरोप लगाया कि वह उसके पैसे वापस नहीं कर रहा है। हालांकि, उसकी पत्नी ने इस दावे को गलत बताया।
पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ और विद्युत विभाग के संयुक्त प्रयास से व्यक्ति को सकुशल नीचे उतार लिया गया। राहत की बात रही कि घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
News Wani
