Breaking News

फतेहपुर से योगी का विपक्ष पर हमला, बोले- नकल माफिया कांग्रेस-सपा की विरासत

– नौजवानों की नौकरियों पर डाका डालता था सैफई सिंडीकेट
– सीएम बोले- प्रदेश में माफियाओं की जगह जेल व जहन्नुम में
– फतेहपुर में 489 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की दी सौगात
– युवाओं के रोजगार व विकास पर सरकार का फोकस
– जनसभा को संबोधित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
फतेहपुर। मदारीपुर कला की जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी व कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए युवाओं, कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और नकल माफिया के मुद्दे पर विपक्ष को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं को पहचान, रोजगार और सम्मान दिया है, जबकि पूर्ववर्ती सरकारों में नौजवान बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और नकल माफिया के जाल में फंसे रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार अपराध और माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। नकल माफिया और अपराधियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई जारी रहेगी।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में प्रदेश की कानून-व्यवस्था बदहाल थी। उस दौर में देख सपाई, बिटिया घबराई जैसी कहावत चरितार्थ होती थी, जबकि आज भाजपा सरकार में महिलाओं को सुरक्षा और सम्मान मिला है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में माफियाओं के लिए केवल दो ही स्थान बचे हैं, जेल या जहन्नुम। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सैफई सिंडीकेट नौजवानों की नौकरियों पर डाका डालता था और भर्ती प्रक्रियाओं में भ्रष्टाचार आम बात थी। उन्होंने कहा कि नकल माफिया कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की विरासत हैं, जिन्हें इन दलों ने संरक्षण दिया। आज वही लोग छात्रों के मुद्दे पर घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार नकल माफिया के खिलाफ और भी सख्त कानून लाने जा रही है। प्रस्तावित कानून के तहत नकल कराने वालों को 10 वर्ष तक की सजा और 10 करोड़ तक जुर्माने का प्रावधान किया जाएगा। जिन अपराधियों और माफियाओं की गिरफ्तारी होगी, उनकी अवैध संपत्तियां भी जब्त की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे युवा रोजगार और स्वरोजगार के माध्यम से अपना भविष्य सुरक्षित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक प्रकरण में आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की गई और जिम्मेदार अधिकारियों की सेवाएं भी समाप्त की गईं, जिससे यह स्पष्ट संदेश गया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले की जनता को 489 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास, सुशासन, सुरक्षा और युवाओं के उज्जवल भविष्य के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। जनसभा में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अजीत सिंह पाल, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति, राज्यमंत्री कृष्णा पासवान, जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह उर्फ पप्पू, जहानाबाद विधायक राजेन्द्र पटेल, अयाह शाह विधायक विकास गुप्ता, बिन्दकी विधायक जय कुमार सिंह जैकी, पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री रणवेन्द्र प्रताप सिंह, विक्रम सिंह, अयोध्या प्रसाद पाल, आदित्य पाण्डेय, क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू, जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, जिला प्रभारी रंजना उपाध्याय, महेन्द्रनाथ बाजपेयी, मनोज शुक्ला, रमाकांत त्रिपाठी, प्रभुदत्त दीक्षित, आशीष मिश्रा, दिनेश बाजपेयी, प्रमोद द्विवेदी, मुखलाल पाल, डा. विजय लक्ष्मी साहू, प्रवीण सिंह, पंकज त्रिवेदी, कुलदीप भदौरिया, पुष्पराज पटेल सहित जिला पदाधिकारी, समस्त मंडल अध्यक्ष सहित पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इनसेट-
घरों में नजरबंद रहे विपक्षी दलों के नेता
फतेहपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के फतेहपुर आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। सुरक्षा के लिहाज से प्रमुख विपक्षी दलों समाजवादी पार्टी, कांग्रेस व बसपा के नेताओं को पुलिस ने सीएम के आगमन से पूर्व ही घरों में नजरबंद कर दिया था। हालांकि पुलिस द्वारा नेताओं को घरों पर नजरबंद किए जाने की चर्चाएं पूरा दिन जिले में होती रहीं।

About NW-Editor

Check Also

आवास विकास कॉलोनी में फायर सेफ्टी अभियान, आग से बचाव के बताए व्यावहारिक उपाय

-फायर सेफ्टी के प्रति जागरूक करते विशेषज्ञ। फतेहपुर। राजधानी लखनऊ में हाल ही में हुए …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *