राजस्थान के अलवर से सनसनीखेज घटना सामने आई है. यहां कक्षा 11 में पढ़ने वाली 15 साल की छात्रा के अपहरण और गैंगरेप के मामले में पुलिस ने एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल सैनी के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके मोबाइल फोन से कई संदिग्ध सामग्री भी बरामद की है, जिनकी जांच की जा रही है. इस मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं और उनकी तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. तीनों आरोपी दौसा जिले के बसवा क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं. घटना गुरुवार सुबह की है.
पीड़िता रोज की तरह सुबह करीब 8 बजे अपने घर से स्कूल के लिए पैदल निकली थी. इसी दौरान रास्ते में एक बोलेरो गाड़ी में सवार दो युवकों ने उसे जबरन गाड़ी में खींच लिया. आरोपियों ने चलती गाड़ी में ही उसके हाथ बांध दिए और आंखों पर पट्टी बांध दी. रास्ते में उन्होंने एक और युवक को गाड़ी में बैठाया, जिसके बाद तीनों उसे एक अज्ञात स्थान पर ले गए. पीड़िता के अनुसार, उसे एक कमरे में ले जाकर तीनों आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. आरोपियों ने इस दौरान उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बनाए और उसे धमकी दी कि अगर उसने किसी को इस घटना के बारे में बताया, तो उसके भाई को जान से मार दिया जाएगा.
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसे फिर से गाड़ी में बैठाकर आंखों पर पट्टी बांधकर उसी स्थान के पास छोड़ गए, जहां से उसे अगवा किया गया था. इधर, स्कूल के अन्य बच्चों ने घटना की जानकारी गांव में फैला दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए. जब आरोपी पीड़िता को छोड़ने लौटे और भीड़ को देखा, तो वे अपनी गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए. आक्रोशित ग्रामीणों ने उनकी गाड़ी में आग लगा दी. सूचना मिलने पर रैणी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जली हुई गाड़ी को कब्जे में लेकर थाने ले आई.
News Wani
