Breaking News

लखनऊ में 50 फीट ऊंचे झूले का खौफनाक हादसा, ट्रॉली टूटने से 5 बच्चे घायल; तीन की हालत गंभीर

लखनऊ के इंदिरानगर इलाके में मंगलवार रात सावन महोत्सव के दौरान बड़ा हादसा हो गया। करीब 50 फीट ऊंचे चलते झूले की एक खाली ट्रॉली अचानक टूटकर नीचे गिर गई और दूसरी ट्रॉलियों से टकराती हुई आगे बढ़ी। हादसे में भाई-बहन समेत पांच बच्चे घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद झूले में बैठे बच्चों के बीच चीख-पुकार मच गई। एक बच्ची के मुंह और नाक से खून निकलने लगा। वीडियो में बच्ची झूला रोकने की गुहार लगाती सुनाई दे रही है। करीब कई मिनट बाद झूला रोका गया और घायलों को नीचे उतारकर पास के अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना इंदिरानगर में सुषमा हॉस्पिटल के पास स्थित सावन महोत्सव में रात करीब साढ़े सात बजे हुई। हादसे के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया।

घायलों में अंकिता, नैंसी और सूर्या सिंह समेत अन्य बच्चे शामिल हैं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, एक 16 वर्षीय युवती के शरीर में कई फ्रैक्चर पाए गए हैं, जबकि कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

घायल परिवारों ने मेला संचालकों पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हादसे के बाद झूला तुरंत नहीं रोका गया, जिससे ट्रॉलियों में बैठे अन्य लोगों को भी चोटें आईं। परिजनों ने मेले के संचालन की अनुमति और सुरक्षा इंतजामों की जांच कराने की मांग की है।

हादसे के बाद पुलिस ने मेले में लगे सभी झूलों को बंद करा दिया। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मामले में कानूनी कार्रवाई की बात कही है।

About NW-Editor

Check Also

लखनऊ में सपा कार्यालय के बाहर पोस्टर से सियासी हलचल, भाजपा और चुनाव आयोग पर उठाए सवाल

लखनऊ में समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय के बाहर शनिवार को लगाए गए एक राजनीतिक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *