Breaking News

लखनऊ हत्याकांड: मैनेजर पत्नी ने मांगे थे डेढ़ करोड़; तलाक विवाद के बाद खूनी साजिश, पत्नी और बहन की हत्या कर SBI अफसर ने की आत्महत्या

लखनऊ: लखनऊ में सामने आए सनसनीखेज हत्याकांड की शुरुआती पुलिस जांच में तलाक विवाद और पारिवारिक कलह को वारदात की प्रमुख वजह माना जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, SBI के फील्ड ऑफिसर मानस बाजपेयी ने पहले अपनी बैंक मैनेजर पत्नी दिव्या मिश्रा की गोली मारकर हत्या की और इसके बाद घर पहुंचकर अपनी बहन शीबा की हत्या कर खुद को भी गोली मार ली।

पुलिस जांच के अनुसार, मानस और दिव्या ने करीब नौ साल पहले लव मैरिज की थी। शादी के बाद दोनों के रिश्तों में धीरे-धीरे तनाव बढ़ता गया। पत्नी और मानस की मानसिक रूप से बीमार बहन के साथ रहने को लेकर भी विवाद बताया जा रहा है। नवंबर 2025 में दिव्या ने पति का घर छोड़ दिया था। इसके बाद दोनों के बीच तलाक का मामला फैमिली कोर्ट पहुंच गया।

18 अगस्त को फैमिली कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान एलिमनी को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दिव्या की ओर से करीब डेढ़ करोड़ रुपये गुजारा-भत्ता मांगे जाने की बात सामने आई है। इसके बाद मानस ने कथित तौर पर पत्नी और बहन की हत्या के साथ खुदकुशी की योजना बनाई।

जांच में यह भी सामने आया है कि मानस ने वारदात से पहले हथियारों का इंतजाम किया और करीब दो दिन तक पत्नी की रेकी की। 20 अगस्त को वह दिव्या के ICICI बैंक पहुंचा और उसे बाहर बुलाया। दोनों के बीच कहासुनी और मारपीट हुई। इसी दौरान मानस ने पत्नी को गोली मार दी। बैंक के गार्ड और कर्मचारियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गया।

इसके बाद मानस अपने किराए के मकान पर पहुंचा। पुलिस के मुताबिक, उसने कमरे में अपनी बहन शीबा को गोली मार दी और फिर खुद भी आत्महत्या कर ली। मौके से पुलिस ने तीन हथियार बरामद किए हैं, जिनमें दो 9 एमएम पिस्टल और एक तमंचा बताए जा रहे हैं।

पुलिस को मानस का एक वॉट्सऐप स्टेटस भी मिला है, जिसमें उसने पत्नी पर धोखा देने का आरोप लगाया था। स्टेटस में उसने पत्नी की बहन प्रज्ञा मिश्रा और उनके पति का भी जिक्र किया था। पुलिस अब इस स्टेटस में किए गए दावों की जांच कर रही है।

दिव्या की बहन प्रज्ञा मिश्रा ने सोशल मीडिया पर मानस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि दिव्या लंबे समय से मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेल रही थीं और पति से अलग होकर अपनी जिंदगी शुरू करना चाहती थीं। प्रज्ञा ने यह भी आरोप लगाया कि मानस दिव्या का पीछा करता था।

परिजनों के मुताबिक, दिव्या अलग रहने के बाद अपने मायके में रह रही थीं। वहीं मानस अपनी बहन शीबा के साथ किराए के मकान में रहता था। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने के साथ हथियारों की खरीद और तलाक विवाद से जुड़े तथ्यों की भी जांच कर रही है।

About NW-Editor

Check Also

ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर निशाना, कुर्मी समाज को लेकर लगाए गंभीर आरोप

लखनऊ। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *