पुलिस विभाग में अपनी अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने सम्मानित करते हुए भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के उज्ज्वल एवं सुखद भविष्य की कामना की गई।
शुक्रवार 31 जुलाई 2026 को आयोजित विदाई कार्यक्रम में पुलिस विभाग में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुए निरीक्षक नागरिक पुलिस भीमसेन पौनिया, उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस भारत सिंह, उपनिरीक्षक सशस्त्र पुलिस यशवीर सिंह तथा मुख्य आरक्षी सशस्त्र पुलिस उमाशंकर को सम्मानित किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को स्मृति चिह्न, घड़ी, प्रशस्ति पत्र एवं शॉल भेंट कर उनके सेवाकाल की सराहना की। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए कहा कि पुलिस विभाग में उनके द्वारा दी गई सेवाएं सदैव सम्मान के साथ याद की जाएंगी।
इस दौरान सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को आश्वस्त किया गया कि भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर विभाग द्वारा यथासंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। विदाई समारोह में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त साथियों के साथ अपने अनुभव साझा किए और उनके आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
सेवानिवृत्त होने वालों में निरीक्षक नागरिक पुलिस भीमसेन पौनिया, प्रभारी डीसीआरबी, उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस भारत सिंह, नियुक्ति भरथना, उपनिरीक्षक सशस्त्र पुलिस यशवीर सिंह, नियुक्ति पुलिस लाइन तथा मुख्य आरक्षी सशस्त्र पुलिस उमाशंकर, नियुक्ति पुलिस लाइन शामिल रहे।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर अभय नाथ त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध सन्तोष कुमार सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

News Wani